राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना राशि वितरण समारोह
Bhopal:Wednesday, April 4, 2012
किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाना आज की महती आवश्यकता है। यह बात किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कल हरदा कृषि उपज मंडी में राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना राशि वितरण समारोह में कही। कार्यक्रम में विधायक श्री कमल पटेल और श्री संजय शाह भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि हरदा जिले के 36 हजार 700 किसानों को 137 करोड़ 59 लाख 93 हजार रूपये से अधिक की राशि बीमा योजना में स्वीकृत हुई है।
डॉ. कुसमरिया ने आगे कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए जैविक हरित क्रांति लाना आवश्यक है। कृषि मंत्री ने कहा कि किसान से बड़ा वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ कोई नहीं हो सकता। किसानों को जागरूक होकर खेती-किसानी की नई-नई तकनीकी की जानकारी समझ कर उन्हें अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों की बेहतरी के लिए कई योजनाएँ संचालित की जा रही है।
डॉ. कुसमरिया ने विधायकों की माँग को दृष्टिगत रखते हुए कृषि महाविद्यालय खोलने में सकारात्मक भूमिका निभाने और सिराली उप मंडी को मंडी का दर्जा दिये जाने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक चारूवा के अधिकारियों की लापरवाही से क्षेत्र के 14 गाँवों के 680 किसानों को बीमा का लाभ नहीं मिलने पर अधिकारियों पर कार्यवाही की बात कही।
0 comments:
Post a Comment